राजस्थान विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। बाड़ी से मौजूदा कांग्रेस विधायक गिर्राज मलिंगा ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गिर्राज मलिंगा को भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया।समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, गिर्राज मलिंगा के अलावा धौलपुर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष रवि पचौरी और आम आदमी पार्टी यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग सिंह बराड़ और कई अन्य नेता केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की जब हकीकत सभी के सामने आने लगी है तब उस पार्टी के एक नेता अनुराग सिंह बराड़ ने हकीकत को समझते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मैं उनका स्वागत करता हूं। इसी क्रम में मैं भाजपा में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करता हूं।
