राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी सहयोगी और जोधपुर के पूर्व मेयर रामेश्वर दाधीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं। दाधीच जोधपुर नगर निगम के पूर्व महापौर हैं।
कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में ली सदस्यता
दौसा के कांग्रेस नेता विनोद शर्मा सहित विभिन्न पार्टियों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। बृहस्पतिवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी,जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सी.पी.जोशी दाधीच सहित अन्य नेताओं का भाजपा में शामिल होने पर दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। दाधीच सूरसागर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस ने इस सीट से शहजाद खान को टिकट दिया है।
