भानपुर कलां से तीन धाम तीर्थ यात्रा के लिए यात्री रवाना
भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच कुछ पल भगवान के दर्शन के लिए कस्बे के लोग आगे आए हैं। कस्बे में स्थित गोपाल जी की बगीची से तीन धाम तीर्थ यात्रा के लिए करीब 20 जोड़ों का जत्था बुधवार सुबह बस से करीब सवा 11 बजे रवाना हुआ। इस दौरान रिश्तेदार व परिजनों ने तीर्थ यात्रियों को शुभकामनाएं दी। लोगों ने बताया कि कस्बे की विभिन्न ढाणियों से तीन धाम तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु अपने घरों से विधिवत रूप से पूजा अर्चना के बाद करीब सवा 9 बजे बैंड बाजे से निकले। इसके बाद चौकटी वाले गणेशजी के दर्शन कर सुखद यात्रा की कामना की। तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर जगह जगह स्वागत-सत्कार किया। लोगों ने भगवान के जयकारे भी लगाए जिससे आसमान गुंजायमान हो गया। इसके बाद यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालु जोड़े गोपालजी की बगीची में एकत्रित हुए जहां पर उनके परिजनों व रिश्तेदारों ने मुलाकात कर भगवान से सुखद यात्रा की कामना की। परिजनों व रिश्तेदारों में जहां एक ओर अपने अपने माता-पिता, दादा-दादी के तीर्थ यात्रा पर जाने की खुशी थी तो दूसरी और करीब डेढ़ महीने की जुदाई से लोग भावुक भी नजर आए। लोगों ने खुशी खुशी अपनों को तीर्थ यात्रा पर जाने की विदाई देते हुए भगवान से सुखद यात्रा की कामना की। करीब डेढ़ माह की यात्रा के दौरान तीर्थ यात्री तीन धाम, सप्तपुरी व नेपाल काठमांडू, 11ज्योतिर्लिंग एवं 5 तत्व लिंग तीर्थों के धार्मिक स्थलों आदि के दर्शन करेंगे। तीर्थ यात्रा में रात्रि विश्राम व भोजन की व्यवस्था के लिए स्थान निर्धारित किए गए है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य रामसहाय कांकरेलिया, भानपुर कलां मंडल कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैयालाल बोंपला, वार्ड पंच निर्मला देवी शर्मा, डॉ रामस्वरूप शर्मा, पूर्व वार्ड पंच पवन शर्मा, सीताराम शर्मा, बाबूलाल शर्मा, सुनील पंचौली, मुकेश कुमार, लोकेश कुमार, कृष्ण कुमार शर्मा सहित सैंकड़ों लोगों ने तीर्थ यात्रियों को यात्रा की शुभकानाएं दी।
