डीजे की धुन पर नाचते-गाते किसान खेत में पसीने से लतपथ तो वहीं दूसरी ओर ’ राम ’ बोलती हुई महिलाओं के यंत्रवत चलते हाथ देखते ही देखते करीब बीस बीघा जमीन की ’ कड़ब ’ समेट ली। यह नजारा मूण्डवा के निकट भडाणा गांव के एक खेत में देखने को मिला। यह कुछ खास नजारा था। जंवार की सिटीयों सहित फसल खेत मालिक ओमप्रकाश जांगिड़ ने मशीन से कटवा दी। पूरी फसल गौशाला को भेंट कर दी। तो गांव के लोगों ने भी श्रमदान कर अपनी भागीदारी निभाई। भडाणा निवासी ओमप्रकाश हैडीक्राप्ट का व्यावसायी है। फसल को अपने लिए काम लेने की बजाय गांव की गौशाला को भेंट कर दी। गौशाला में अधिकांशत बे-सहारा नंदी हैं। पूळे बांधने व फसल को गौशाला तक पहुंचाने की बारी आई तो गांव के महिला- पुरुषों ने बिना कोई मजदूरी की राशि लिए श्रमदान किया। बड़ी संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने इस काम में हाथ बटाया। पन्द्रह किसानों ने नि:शुल्क ट्रैक्ट्रर -ट्रॉली की सेवाएं दी। इनमें से दस ट्रॉली कड़ब भरकर गौशाला पहुंचाई गई। मालपुए की भोज के साथ-साथ गर्म नमकीन व सब्जी पूरी भी यहां परोसा गया। पूर्व सरपंच रामनिवास जेठू, वार्ड पंच कंवरीलाल जेठू, जवानाराम जेठू, राजू जांगिड़, रामचन्द्र सुजावत, कंवरीलाल सेन आदि मौजूद रहे।
