शारदीय नवरात्र के चलते शहर में जगह-जगह आयोजित हो रहे धार्मिक आयोजनों से माहौल धर्ममय बना हुआ है। देवी मंदिर में घट स्थापना के बाद से ही विभिन्न धार्मिक आयोजन हो रहे हैं।चिकना फर्श स्थित गुमानो माता मंदिर में गुमानो माता की नियमित रूप से विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। माता रानी की हस्त निर्मित प्रतिमा की प्रतिदिन पूजा अर्चना एवं आरती का आयोजन हो रहा है। इसी क्रम में यहां डीआरडीए के समीप दुर्गा देवी मां की पूजा की जा रही है। दुर्गा पूजा पंडाल में देवी मां की प्रतिमा की स्थापना की गई, जहां नियमित रूप से धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। इससे क्षेत्र का माहौल धर्ममय बना हुआ है। दूसरी ओर शहर के अनेक हनुमान मंदिरों में अखण्ड रामायण पाठ के आयोजन हो रहे हैं, जिससे चौपाइयों-दोहों के स्वर गुंजायमान हो रहे हैं।
