Thu, 08 06, 2026
देश

टोडारायसिंह में घनी आबादी में घुसा पैंथर, तीन पर किया हमला; पांच घंटे के रेस्क्यू के बाद पकड़ा गया:

जयपुर की रेस्क्यू टीम ने 5 घंटे बाद किया सुरक्षित रेस्क्यू

post-img

टोडारायसिंह। कस्बे में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वन क्षेत्र से भटककर आया करीब पांच वर्षीय पैंथर घनी आबादी में घुस गया। पैंथर ने वन मित्र सहित तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बाद में वह एक शराब की दुकान में घुसकर छिप गया। सूचना पर वन विभाग, पुलिस और जयपुर से पहुंची वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम ने करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद पैंथर को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान कस्बे में दहशत का माहौल रहा और मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे पीपली चौराहे के पास एक गोदाम में पैंथर दिखाई दिया। लोगों की आवाजाही बढ़ने पर वह कोली मोहल्ले के एक खंडहर मकान में जा छिपा। सूचना मिलने पर वन मित्र राकेश सैनी मौके पर पहुंचे, लेकिन पैंथर ने अचानक पीछे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद पैंथर मकानों की छतों से होते हुए सुबह करीब 8:40 बजे गणपति प्लाजा स्थित जय श्री ओम बन्ना वाइंस में घुस गया।

दुकान में सफाई कर रहे सेल्समैन संजय गुर्जर पर भी पैंथर ने हमला कर दिया। कुछ देर तक चले संघर्ष के बाद संजय ने साहस दिखाते हुए खुद को बचाया और दुकान से बाहर निकल आए। इससे पहले दुकान के बाहर बैठे फतेहलाल कोली पर भी पैंथर ने झपट्टा मारकर घायल कर दिया।

तीनों घायलों को उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायल संजय गुर्जर को प्राथमिक उपचार के बाद टोंक रेफर किया गया। वहीं राकेश सैनी और फतेहलाल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

आलमारी के पीछे छिपा रहा पैंथर, ताले काटकर शुरू किया रेस्क्यू

हमले के बाद पैंथर दुकान के अंदर आलमारी के पीछे छिप गया। लोगों ने तुरंत दुकान का शटर बंद कर दिया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सका। इसके बाद अनुज्ञाधारी मनोज गुर्जर की मौजूदगी में ताले काटकर वन विभाग ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

सूचना मिलते ही डीएफओ वीरेंद्र कृष्ण, आरएफएस अनुराग महर्षि, रेंजर मोहनलाल सैनी, वनपाल सूर्यदेव सिंह, पुलिस उपाधीक्षक आशीष कुमार तथा थाना प्रभारी मुकेश कुमार पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। जयपुर से वरिष्ठ वन्यजीव पशु चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार तंवर एवं उनकी टीम ने पैंथर को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित पिंजरे में बंद किया।

पुलिस छावनी में बदला गणपति प्लाजा क्षेत्र

करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान गणपति प्लाजा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा। भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पैंथर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

Related Post