गोवा के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम फड़ोता मडगांव में गुरुवार से राष्ट्रीय खेलों की शुरुआत हुई। उद्घाटन कार्यक्रम में सिलोर के आंगी गैर नृत्य दल ने दल प्रभारी राजेंद्रसिंह व संयोजक चंद्रसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी रही।
राजस्थानी संस्कृति में लोक नृत्यों को जीवित रखने में सिलोर के आंगी गैर नृत्य की देश के साथ विदेशों में भी धाक जमी हुई है। यही कारण है कि देश हो या विदेश जहां भी राष्ट्रीय खेलों की बात आती है तो वहां राजस्थान की इस संस्कृति की झलक जरूर नजर आती है। सिलोर के इस आंगी गैर नृत्य दल ने अभी तक राष्ट्र स्तर पर गई जगहों पर अपनी नृत्य कलाओं की प्रस्तुति देकर दर्शकों के साथ विदेशी पर्यटकों को अभिभूत किया है।
गैर नृत्य 1981 से शुरुआत
लोक संस्कृति को अक्षुण रखने के उद्देश्य से सिलोर के आंगी गैर दल ने राष्ट्रीय कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने की शुरुआत की। राजस्थान की इस लोक संस्कृति से दर्शक इतने अभिभूत हुए कि इस दल को देश में होने वाले हर राष्ट्रीय कार्यक्रम में निमंत्रण मिलने शुरू हो गए। इसके बाद विदेशों में भी मांग बढ़ने लगी। इस दल ने रसिया, मॉस्को की धरती पर भी लोक संस्कृति की झलक बिखेर कर विदेशी मेहमानों का दिल भी जीता है। यह दल वर्ष 2014, 2016, 2022, 2023 में देश में अलग अलग स्थानों पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी प्रस्तुति दे चुका है।
