करौली। जिले के सपोटरा उपखंड क्षेत्र के बालोती गांव में सोमवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का हृदयविदारक मामला सामने आया है। घटना में पति-पत्नी और उनके बड़े बेटे की मौत हो गई, जबकि छोटे बेटे का जयपुर के अस्पताल में गंभीर हालत में उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में परिवार के छोटे बेटे की लंबे समय से बीमारी के कारण मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है।
कैलादेवी डीएसपी मीना मीणा ने बताया कि बालोती निवासी रामदयाल बैरवा (45), उनकी पत्नी राजबाई (40) तथा पुत्र लक्ष्मीनारायण (25) और विजयराज बैरवा (23) ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने चारों को सपोटरा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर अवस्था में गंगापुर सिटी रेफर किया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए जयपुर भेजा गया।
रास्ते में राजबाई और लक्ष्मीनारायण की मौत हो गई। दोनों के शव सपोटरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। वहीं रामदयाल बैरवा ने जयपुर पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। उनके शव को जयपुर में रखवाया गया है। विजयराज बैरवा का जयपुर के अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बीमारी के कारण परिवार था मानसिक तनाव में
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार परिवार का छोटा बेटा विजयराज लंबे समय से बीमार था। इसी कारण पूरा परिवार मानसिक तनाव में चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतराम मीणा, थानाधिकारी अभिजीत कुमार एवं तहसीलदार दिलीप अग्रवाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
