Thu, 08 06, 2026
देश

नई सीसी सड़क बनी मुसीबत, बारिश का पानी घर में घुसा, 85 वर्षीय महिला का पाटा धंसा:

15 दिन पहले बनी सड़क पर नहीं की गई जल निकासी की व्यवस्था, बड़ा हादसा टला

post-img

देशनोक। कस्बे में हाल ही में बनी नई सीसी सड़क पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारिश का पानी एक मकान में घुस गया, जिससे कमरे का पाटा धंस गया। उस समय 85 वर्षीय लक्ष्मी देवी उसी पाटे पर सो रही थीं। गनीमत रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई।

15 दिन पहले ही हुआ था सड़क निर्माण

घटना कास्ट स्कूल के सामने बनी नई सीसी सड़क की है। परिजनों के अनुसार करीब 15 दिन पहले सड़क का निर्माण कराया गया था। सड़क का स्तर पहले की तुलना में ऊंचा कर दिया गया, लेकिन बारिश के पानी की निकासी के लिए लोहे की जाली वाला चैंबर नहीं बनाया गया।

निर्माण के दौरान ही जताई थी आपत्ति

परिजनों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान ही ठेकेदार को चैंबर बनाने की आवश्यकता से अवगत कराया गया था, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। सड़क बनने के बाद उस पर मिट्टी डाल दी गई, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई।

जलभराव से मकान को हुआ नुकसान

बारिश का पानी तिराहे से सीधे मकान के अंडरग्राउंड हिस्से में भर गया। लगातार पानी भरने से जमीन कमजोर हो गई और कमरे का पाटा धंस गया। हादसे में मकान को भी नुकसान पहुंचा है।

घटना के बाद हटाई गई सड़क की मिट्टी

घटना के बाद बुधवार सुबह सड़क पर डाली गई मिट्टी को हटाया गया। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते मिट्टी हटाकर चैंबर बना दिया जाता तो पानी का निकास हो जाता और यह हादसा नहीं होता।

जांच और कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्षेत्र में स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

Related Post