Thu, 08 06, 2026
देश

भीलवाड़ा में दर्दनाक हादसा: आकाशीय बिजली गिरने से नाना-दोहिती की मौत, 7 बकरियां भी चपेट में आईं:

बारिश के दौरान घर लौट रहे थे दोनों, खेत में गिरी बिजली से मौके पर ही तोड़ा दम

post-img

 

भीलवाड़ा। जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के कलाल खेड़ी गांव में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बकरियां चराकर घर लौट रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 11 वर्षीय दोहिती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में सात बकरियां भी बिजली की चपेट में आकर मर गईं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।

रोज की तरह बकरियां चराने गए थे

पुलिस के अनुसार, कलाल खेड़ी निवासी धर्मा नाथ (65) अपनी 11 वर्षीय दोहिती गायत्री नाथ के साथ रोज की तरह करीब 50 भेड़-बकरियां चराने खेत पर गए थे। गुरुवार शाम करीब 7 बजे अचानक मौसम बदला, तेज आंधी चली और कुछ ही देर बाद बारिश शुरू हो गई।

घर लौटते समय गिरी आकाशीय बिजली

बारिश शुरू होने पर धर्मा नाथ अपनी दोहिती और बकरियों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से धर्मा नाथ और गायत्री नाथ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सात बकरियां भी बिजली की चपेट में आकर मर गईं।

ग्रामीणों ने देखी घटना, पुलिस को दी सूचना

कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने दोनों को खेत में मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों और रायपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग के गिरदावर डालचंद भील और पटवारी नंदकिशोर बैरवा मौके पर पहुंचे।

शुक्रवार को होगा पोस्टमॉर्टम

पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में भिजवाया। बीसीएमओ डॉ. अभिनव मीणा ने बताया कि रात होने के कारण पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को किया जाएगा। हादसे के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है

Related Post