Fri, 08 07, 2026
देश

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, 20 लाख का लोन लेकर हड़पे रुपये:

मैट्रिमोनियल साइट से हुई थी पहचान, जयपुर निवासी आरोपी गिरफ्तार

post-img

जयपुर। मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर एक महिला का कथित रूप से शारीरिक शोषण करने और उसके नाम पर करीब 20 लाख रुपये का लोन लेकर हड़पने के आरोप में गुरुग्राम पुलिस ने जयपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अक्षय भट्ट (30) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फागी (जयपुर) का निवासी है और वर्तमान में प्रताप नगर, हल्दीघाटी (जयपुर) में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 26 मार्च 2026 को थाना डीएलएफ फेज-3 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में उसकी पहचान एक मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म पर अक्षय भट्ट से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का झूठा वादा कर महिला का विश्वास जीता और इसी बहाने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

20 लाख रुपये का लोन लेकर खाते से ट्रांसफर किए

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर महिला के दस्तावेजों का उपयोग करते हुए विभिन्न वित्तीय संस्थानों से करीब 20 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया। इसके बाद लोन की पूरी राशि पीड़िता के खाते से अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली।

बाद में शादी से किया इनकार

पुलिस के मुताबिक कुछ समय बाद आरोपी ने लोन की मासिक किस्तें भरना बंद कर दिया। जब पीड़िता ने इस संबंध में बात की तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया और उससे सभी संपर्क तोड़ दिए। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में मामला दर्ज कराया।

जयपुर निवासी आरोपी गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर और स्थानीय इनपुट की मदद से पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 23 जुलाई 2026 को आरोपी अक्षय भट्ट को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने महिला को शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने तथा अपने साथी के साथ मिलकर लोन की रकम हड़पने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब फरार दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। साथ ही आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने और हड़पी गई राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Post