शारदीय नवरात्र आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 15 अक्टूबर से शुरू होंगे, 9 दिनों तक मां दुर्गा के 9 अलग-अलग स्वरूपों की आराधना की जाएगी। इस दौरान देवी के उपासक व्रत रखेंगे। साथ ही ब्रह्चर्य के नियमों की पालना भी की जाएगी। नवरात्रि से पहले बाजारों में खरीदारी होने से पर्व की रौनक नजर आ रही है। शुक्रवार को अलवर के बाजारों में खूब खरीदारी हुई। दिन में तेज धूप के चलते शाम को खरीदारी अधिक हुई। शारदीय नवरात्र के पहले दिन देवी के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना की जाती है। इस साल मां दुर्गा पृथ्वीलोक पर हाथी पर सवार होकर आएंगी। नवरात्रा शुरू होने के साथ ही शुभ मुहूर्त भी शुरू हो जाएंगे। इसको देखते हुए लोग घरों में नए सामान भी खरीदते हैं। आने वाले त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रोनिक आइटमों की खूब बिक्री होने की उम्मीद है। त्योहारी सीजन के चलते इलेक्ट्रोनिक कंपनियों की ओर से ग्राहकों के लिए आकर्षक पैकेज व उपहार दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही फाइनेंस की स्कीम भी ग्राहकों के लिए फायदेमंद साबित होगी। पिछले सालों मेें कोरोना के बाद लोग आर्थिक हालात को सुधारने में लगे रहे। इससे बाजार मंदा रहा लेकिन अब बाजार में अर्थ का चलन बढ़ा है। इस कारण कंपनियों के पास भी ऑफर की भरमार है।
इलेक्ट्रोनिक डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक खंडेलवाल ने बताया कि नवरात्रा में इस बार इलेक्ट्रोनिक आइटमों की अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है। इसके लिए 15 से 17 अक्टूबर तथा रामनवमी व दशहरा के लिए पहले ही एडवांस बुकिंग हो गई है। क्रिकेट वर्ल्ड कैप के चलते इस बार 32 इंच की एलईडी की मांग अधिक है। उन्होंने बताया कि पिछले सालों के मुकाबले इस बार साउथ में ओणम पर इलेक्ट्रोनिक आइटमों पर 122 प्रतिशत अधिक बिक्री हुई है। इसको देखते हुए अलवर में भी अच्छी बिक्री होगी। कंपनियों की ओर से अधिक आइटमों पर गिफ्ट हैंपर, लक्की ड्रा दिए जा रहे हैं। इससे ग्राहकों को दोगुना फायदा होगा।
रोड नंबर पर दो पर इलेक्ट्रोनिक आइटमों के विक्रेता व्यापारी नेता प्रमोद विजय ने बताया कि इस बार टीवी, फ्रीज, एसी के साथ चिमनी, माइक्रोवेव आदि की मांग अधिक है। कंपनी की ओर से केश डिस्कांउट, क्रेडिट कार्ड की खरीदारी पर ऑफर दिए जा रहे हैं। नवरात्रि से लेकर दशहरा तक अच्छी बिक्री होने की उम्मीद है।
पूजन सामग्री की दुकानें सजी
नवरात्रि पर देवी की पूजा के लिए पूजन सामग्री व प्रसाद की दुकानें बाजार में सज गई है। अलवर शहर के होपसर्कस, घंटाघर, काशीराम का चौराहा, चूड़ी मार्केट, तिलक मार्केट बजाजा बाजार, मालाखेडा बाजार आदि बाजारों में दुकानों पर माता के लिए नारीयल, लाल रंग की चुनरी, प्रसाद, फूलमालाएं आदि की बिक्री होने लगी है। इधर, नगर परिषद, घंटाघर, अशोका टाकीज, रोड नंबर दो, एसएमडी चौराहा, अंबेडकर चौराहा आदि जगहों पर कुंभकारों के दुकानों पर मिटटी के कलश व ज्वारा के पात्र की खूब बिक्री हो रही है।
