Thu, 08 06, 2026
देश

कलयुग से भगवान भी अछूते नहीं, ‘श्रीराम’ टाइपिस्ट हैं तो ‘सीता’ की है चाय की दुकान:

शिक्षित व नौकरीपेशा लोग निभा रहे हैं रामलीला में किरदार, बरसों से कर रहे रामलीला का मंचन

post-img

इन दिनों हर गांव-ढाणी में रात को रामलीला का मंचन चल रहा है। रामलीलाओं में अधिकतर पात्रों का अभिनय स्थानीय व मेहमान कलाकारों द्वारा किया जाता है। सबसे अच्छी बात यह हैं कि पात्रों की भूमिका निभाने वाले किरदार में शिक्षित, तकनीकी ज्ञान, अधिवक्ता, नौकरीपेशा वाले कलाकार भी शामिल हैं। रामलीला के पात्रों की भूमिका निभाकर ये भारतीय संस्कृति व सभ्यता का प्रचार-प्रसार कर गौरव महसूस कर रहे हैं। शहर के छावनी बाजार में चल रही आदर्श रामलीला मंडल व रामलीला मैदान में चल रही आदर्श रामलीला समिति के मंच पर कुछ ऐसे ही जीवंत उदाहरण देखने को मिलते हैं। आज हम इन किरदारों के वास्तविक जीवन से परिचय करवाते हैं। दोनों रामलीलाओं से जुड़ी कुछ दिलचस्प कहानियां बताते हैं। छावनी रामलीला में 75 वर्षी छगन सैनी चक्की वाले 60 वर्षों से प्राइवेट का पार्ट कर दर्शकों को खूब हंसाते आ रहे हैं।
वर्ष 2018 में रामलीला मंच से जुड़ा था, वर्ष 2019 से लगातार सीता का किरदार निभा रहा हूं। मेरी छावनी स्टैंड पर चाय की दुकान है। अपनी मेहनत व दौड़भाग भरी जिंदगी से कैसे ना कैसे रामलीला के लिए समय निकाल ही लेता हूं। मंच पर किरदार निभाने से मुझे आत्मिक संतुष्टि मिलती है।
योगेश सैनी, सीता की भूमिका में आदर्श रामलीला समिति
लक्ष्मण खिलाते हैं पान, तो हनुमान करते हैं प्राइवेट जॉब
आदर्श रामलीला समिति की रामलीला में लक्ष्मण का पात्र निभाने वाले भीष्मनारायण शर्मा राजकीय कपिल जिला अस्पताल के बाहर पान की दुकान चलाते हैं। ये मंच पर वर्ष 2010 से लगातार लक्ष्मण का अभिनय करते आ रहे हैं। वहीं हनुमान का अभिनय करने वाले जीतू चेतानी रियल लाइफ में निजी कंपनी में कार्य करते है। ये 18 वर्र्षों से रामलीला से जुड़े हुए है। हनुमान के अलावा ये जनक सहित किसी भी पात्र में मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने उतर जाते हैं।
राम एलआईसी एजेंट तो सीता विद्यार्थी
रामलीला मैदान में चल रही रामलीला में नरेश गोयल वर्षों से राम का किरदार निभाते आ रहे हैं। रामलीला मंच से ये वर्ष 1981 से जुड़े हुए है। शुरू में इन्होंने गणेश, पार्वती का किरदार निभाया। 15 वर्षों तक लक्ष्मण का अब राम का पात्र कर रहे हैं। वहीं सीता का किरदार निभाने वाले ऋषि उर्फ सोनू शर्मा बीए के विद्यार्थी है। ये 6 वर्षोँ से अभिनय कर रहे हैं।
राम का अभिनय करने से मन को बहुत संतुष्टि मिलती है। मैं पिछले 9 वर्षों से राम का किरदार निभा रहा हूं। इस किरदार से भारतीय संस्कृति के प्रचार करने का मौका मिलता है। वैसे मैं कोर्ट में टाइपिस्ट हूं।
रवि टेलर, राम की भूमिका में छावनी बाजार रामलीला
अभी मैं कोर्ट में टाइपिस्ट का कार्य कर रहा हूं, लेकिन भारतीय संस्कृति के प्रति हमेशा से श्रद्धा रही है। इसके लिए रामलीला में जनक का किरदार निभा रहा हूं। पहले 5 वर्षोँ तक हनुमान का अभिनय किया। 2 वर्ष रावण व अब किसी भी पात्र में मंच पर उतर जाता हूं। रामायण हमें मर्यादित व संस्कारित जीवन जीना सिखाती है।
संतोष कुमावत, जनक की भूमिका में आदर्श रामलीला समिति
रावण एक फुटवियर में तो दूसरे करते हैं प्राइवेट जॉब
आदर्श रामलीला समिति की रामलीला में रावण का किरदार निभाने वाले अशोक कश्मीरी फुटवियर का काम करते है। ये 1977 से मंच से जुड़े है। वर्ष 2001 से रावण का अभिनय करते आ रहे है। वही आदर्श रामलीला मंडल छावनी में सोनू भारद्वाज वर्ष 2012 से रावण का अभिनय करते है। इनके अभिनय से रावण की भूमिका जीवंत हो उठती है। इनसे पहले इनके पिता दिवंगत महेश भारद्वाज रावण का पात्र करते थे।
मैं पिछले 14 वर्षों से रामलीला में कई अभिनय करता आ रहा हूं। पिछले दो वर्षों से लक्ष्मण के पात्र का अभिनय कर रहा हूं। निजी शिक्षक होने के साथ इस किरदार के लिए कहीं ना कहीं से समय निकाल ही लेता हूं।
नितिन शर्मा, लक्ष्मण की भूमिका में छावनी बाजार रामलीला

 

Related Post