करवा चौथ पर्व नजदीक आने के साथ ही बाजार में महिलाओं ने खरीदारी शुरू कर दी है। पति की दीर्घायु और स्वस्थ रहने की कामना के साथ सुहागिन महिलाएं एक नवंबर को करवाचौथ का व्रत रखेंगी। करवाचौथ के व्रत को लेकर महिलाओं में इतना क्रेज है कि वे अभी से इसकी तैयारियों में जुटी हैं। बाजारों में काफी चहल-पहल बढ़ गई है। रविवार को शहर के बाजारों में आम दिनों की तुलना में अच्छी भीड़ रही। इसके चलते बाजार गुलजार नजर आने लगे हैं।करवाचौथ को लेकर बड़ी संया में महिलाएं ज्वैलरी और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों में खरीदारी के लिए पहुंच रही हैं। इसके अलावा महिलाएं मनपसंद कपड़ों की भी खरीदारी कर रही हैं। ब्यूटी पार्लर की बुकिंग चल रही है तो वहीं मेहंदी लगवाने के लिए अच्छे डिजाइनर की तलाश की जा रही है। सभी जगह महिलाएं एडवांस बुकिंग कर रही है।
दुकानदार दे रहे हैं डिस्काउंट ऑफर
दुकानदारी को बढ़ावा देने के लिए दुकानदार भी महिलाओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। वे उन्हें अच्छे-खासे डिस्काउंट ऑफर कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में काफी अच्छा रुझान है। रेडिमेड कपड़ों का भी ट्रेंड बढ़ा है। अगर कोई बिना सिला सूट लेता है तो उस पर ज्यादा खर्चा आता है। वहीं अगर रेडिमेड सूट खरीदा जाता है तो उसमें सिलवाने का झंझट खत्म हो जाता है।
यूं खास महत्व है इस पर्व का
यह पर्व सुहागिन के लिए बेहद अहम माना जाता है। इस दिन विवाहिताएं अपने पति की लंबी आयु और खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए निर्जला यानि बिना अन्न और जल के व्रत रखती है। शाम को चन्द्रमा को जल अर्पण करती है। फिर चांद व पति के मुखड़ा को चलनी से देखती है। इसके बाद वे अपने पति के हाथ से पानी पीकर व्रत खोलती है। चन्द्रमा का दर्शन करने के बाद महिलाएं जल व अन्न ग्रहण करती है।
