बगवाड़ा स्थित तेजाजी मन्दिर से तीन धाम तीर्थ यात्रियों के करीब 10 जोड़ों का जत्था मंगलवार सुबह बस द्वारा करीब सवा 12 बजे यात्रा के लिए रवाना हुआ। लोगों ने बताया कि बगवाड़ा की विभिन्न ढाणियों से तीन धाम तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को अपने घरों से विधिवत रूप से पूजा अर्चना के बाद करीब सवा 10 बजे डीजे पर भजनों के गीत एवं महिलाओं द्वारा मंगल गीतों के साथ निकले। इसके बाद बगवाड़ा गांव में तेजाजी सहित विभिन्न मंदिरों के दर्शन कर सुखद यात्रा की कामना की। तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर जगह जगह माला पहनाते हुए स्वागत किया गया। लोगों ने भगवान के जयकारे भी लगाए जिससे आसमान गुंजायमान हो गया। इसके बाद यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालु जोड़े तेजाजी मन्दिर में एकत्रित हुए जहां पर उनके परिवारजनों एवं रिश्तेदारों ने मुलाकात कर भगवान से सुखद यात्रा की कामना की। परिवारजनों में जहां एक ओर अपने अपने माता-पिता, दादा-दादी के तीर्थ यात्रा पर जाने की खुशी थी तो दूसरी ओर करीब डेढ़ महीने की जुदाई से लोग भावुक भी नजर आ रहे थे। रिश्तेदारों व ग्रामीणों ने खुशी खुशी अपनों को तीर्थ यात्रा पर जाने की विदाई देते हुए भगवान से सुखद यात्रा की कामना की। करीब डेढ़ माह की यात्रा के दौरान तीर्थ यात्री तीन धाम, सप्तपुरी एवं नेपाल काठमांडू, 11ज्योतिर्लिंग एवं 5 तत्व लिंग तीर्थों के धार्मिक स्थलों आदि के दर्शन करेंगे। इस दौरान रात्रि विश्राम व भोजन की व्यवस्था के लिए स्थान निर्धारित किए गए है। इस मौके पर आमेर प्रधान बद्रीनारायण बागड़ा, पूर्व प्रधान सीताराम शर्मा, भानपुर कलां से वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल कांकरेलिया आदि ग्रामीणों सहित सैंकड़ों की संख्या लोगों ने तीर्थ यात्रियों को यात्रा की शुभकानाएं सहित विदाई दी।
