Thu, 08 06, 2026
देश

बेटे को मौत के मुंह से खींच कर खुद संसार से विदा हुई मां:

11 केवी की विद्युत लाइन टूटकर तारबंदी पर गिरने से हुआ हादसा

post-img

संसार में मां के समान कोई और नहीं हो सकता। बच्चों पर चाहे कैसा भी संकट आ जाए मां हमेशा ढाल बनकर खड़ी रहती है। कुछ ऐसी ही दिल को झकझोर देने वाली घटना बुधवार को लोहावट थानातंर्गत जांगूबाना की ढाणी ग्राम पंचायत के लक्ष्मीनगर में हुई जिसमें एक मां अपने बच्चे को मौत के मुंह से खींच कर बाहर तो निकाल दिया लेकिन खुद इस दुनिया से विदा हो गई।
लक्ष्मीनगर के एक खेत में 11 केवी की विद्युत लाइन अचानक टूटकर तारबंदी पर गिर गई। जिससे तारबंदी में करंट फैल गया तथा एक बच्चा करंट की चपेट में आ गया। बच्चे के करंट की चपेट में आने पर उसकी मां बिना कुछ सोंचे समझे सीधे ही उसे बचाने दौड़ पड़ी और बच्चे को उसने तारबंदी से अलग कर दिया। लेकिन वह खुद करंट की चपेट में आने के कारण उसकी मौत हो गई। बच्चे का फलोदी में चिकित्सालय में उपचार किया जा रहा है।
लोहावट पुलिस थाना के हैड कांस्टेबल चन्दनाराम ने बताया कि जांगू बाना की ढाणी पंचायत के लक्ष्मीनगर में सुबह करीब पौने ग्यारह बजे 11 केवी की विद्युत लाइन टूटकर एक खेत की तारबंदी पर गिरने से तारबंदी में करंट फैल गया। खेत में तारबंदी के पास खड़ा सात साल का बालक अरशद पुत्र मेहबूब करंट की चपेट में आ गया। उस समय थोड़ी ही दूरी पर खड़ी उसकी मां अफरोस (40) पत्नी महबूब बच्चे को करंट की चपेट में देख दौड़ पड़ी । जैसे-तैसे बच्चे को तारबंदी से हटाया, लेकिन उस समय उसका पैर तारबंदी से अटकने पर खुद करंट की चपेट में आकर घायल हो गई। उस समय परिवार के सदस्य व आस-पास के लोग भी वहां पहुंचे तथा दोनों घायल मां-बेटो को फलोदी में राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पर महिला अफरोस को चिकित्सकों ने मृत घोषित किया। वहीं बच्चे का फलोदी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर एईएन फलोदी हड़मानराम चौधरी, जेईएन अरविन्द भी मौके पर पहुंचे।
आस-पास के खेतों में फैला करंट
खेत की तारबंदी पर विद्युत लाइन के टूटकर गिरने से आस-पास के करीब 30-40 खेतों की तारबंदी में भी करंट फैल गया। इससे लोगों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को चिल्लाते हुए तारबंदी के पास से हटने के लिए आवाज देने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि करंट से कई खेतों में पशुबाड़े, बाड़ तथा घास-फूस जल गए तथा फसल भी जल गई। इधर खेतों में 3 बकरियां भी करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने डिस्कॉम को सूचना देकर आपूर्ति बंद करवाई। ग्रामीणों ने बताया कि इस इलाके में विद्युत लाइन करीब 10-12 साल पहले खींची गई थी। वर्तमान में कई स्थानों पर विद्युत लाइनें ढ़ीली हो रखी है। वही जांगूबाना की ढाणी पंचायत क्षेत्र में विद्युत लाइनें के टूटने की पहले भी कई बार घटनाएं हो चुकी है।

Related Post