अजमेर। अजमेर जिले के गोविंदगढ़ क्षेत्र में सड़क किनारे नवजात भ्रूण मिलने के मामले में पीसांगन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के बाद उसका अंतिम संस्कार कराया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात गोविंदगढ़ स्थित गोशाला के पास श्मशान स्थल के सामने सड़क किनारे नवजात भ्रूण मिलने की सूचना ग्रामीणों ने दी थी। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने घटना से पहले पूर्व दिशा की ओर से चार बाइक सवार लोगों को वहां आते-जाते देखा था, जिससे उन्हें संदेह हुआ।
सूचना पर पीसांगन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) आत्माराम शेषमा के नेतृत्व में कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पीसांगन ले जाया गया, जहां सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंह लामरोड़ की देखरेख में पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद विधिक औपचारिकताएं पूरी कर मांगलियावास रोड स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कराया गया।
एएसआई आत्माराम शेषमा ने बताया कि अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
