करवाचौथ पर्व को लेकर कस्बे के बाजार में शनिवार को रौनक देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिलाएं त्योहार की तैयारी को लेकर बाजार में खरीदारी करती नजर आई। लगातार त्योहारों के सीजन में शनिवार व रविवार को भीड़ देखने को मिली।
बाजार में दोपहर के बाद जाम जैसी हालत बन गई जो शाम तक बनी रही। महिलाओं ने शृंगार सामान के साथ साड़ियो की भी जमकर खरीदारी की जिसके चलते कस्बे के बाजार में दुकानदारों की खुशी देखते ही बन रही थी। दुकानदारों ने बताया कि कई दिनों से हो रही खरीदारी के चलते सूने पड़े बाजारों में रौनक आने लगी है।
शनिवार को विशेष रूप से भीड़ देखी गई जिसमें महिलाएं साडिय़ों तथा शृंगार का सामान खरीदने के लिए घरों से बाहर निकली जिससे दुकानदारों ने भी अच्छी बिक्री की। इसके अलावा शहर के ब्यूटी पार्लरों पर भी महिलाओं व युवतियों की खास भीड़ देखने को मिली।
करवा चौथ का व्रत सर्वश्रेष्ठ व्रत
आगामी त्योहारों के चलते अब कुछ दिन बाजारों में खरीदारी का ही माहौल रहेगा। ज्ञात रहे कि हिंदू धर्म में सुहागन स्त्रियों के लिए करवा चौथ का व्रत सर्वश्रेष्ठ व्रत माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि सुहागिन स्त्रियां अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला उपवास रखती हैं देर शाम चंद्रमा के दर्शन करने के बाद स्त्रियां अपने पति की पूजा अर्चना कर व्रत खोलती हैं।
सुहाग का महापर्व करवा चौथ आने को है। इसकी तैयारी में महिलाएं जुट गई है। सजना के लिए सजने की तैयार में है। महिलाओ की भीड बाजारों में उमड़ रही है और सौंदर्य की दुकानों पर भीड़ है। नए कपड़ो और साडिय़ों की खरीद जोर शोर से चल रही है। हालात यह है कि महिलाओं से संबंधित दुकानों पर ग्राहकों की बढ़ती संख्या को देख दुकानदारों ने अतिरिक्त कर्मचारी लगा रखे है फिर भी काम नही चल रहा है। महिला सरिता, अंजली, गरिमा, अनन्या आदि ने बताया कि करवाचौथ के इस पर्व को लेकर वह अपने पति के लंबे जीवन के साथ जन्म जन्मांतर के रिश्तो के लिए पूर्ण सुहाग जोड़े के साथ भगवान से मनौती मांगती है।
