दुर्लभ बीमारियों से ग्रसितों को दिल्ली का भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए उनसे महज एक रुपया लिया जाएगा। स्वावलंबन फाउंडेशन की ओर से 18 व 19 दिसम्बर को इस भ्रमण का आयोजन रखा गया है। इसमें 15 से अधिक राज्यों के मरीज शामिल होंगे।
फाउंडेशन के डॉ. वैभव भण्डारी ने बताया कि आयोजन का मुय उद्देश्य ज़दिंगी बड़ी होनी चाहिए, लंबी नहीं... का संदेश देने के लिए किया जा रहा है।
दुर्लभ बीमारी से ग्रसितों को यह बताया जाएगा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन के हर पल का आनन्द उठाना चाहिए। इंसान को वर्तमान में जीते हुए जीवन की खूबसूरती को देखना चाहिए।
ये कर सकते हैं आवेदन
इस भ्रमण के लिए मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉफी, मायोपैथी के मरीज आवेदन कर सकते हैं। इन बीमारियों से ग्रसित मरीज दिनचर्या के लिए भी अन्य पर निर्भर हो जाता है। इसका करण यह है कि ये प्रगतिशील बीमारी है। इस भ्रमण में उन मरीजों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने संघर्ष करके जीवन में मुकाम हासिल किया है।
ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
भ्रमण में पंजीयन आवेदन 4 नवम्बर से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। आवेदन पत्र के साथ एक पासपोर्ट साइज फोटो, दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रतिलिपि व सम्बन्धित बीमारी के दस्तावेज साथ में उपलब्धियों के बारे में दस्तावेज संलग्न करने होंगे। चलने-फिरने में असमर्थ एकल व्यक्ति को फाउंडेशन की ओर से सहायक उपलब्ध कराया जाएगा।
चयन पर करेंगे फोन
आवेदन के बाद संस्थान की चयन समिति की ओर से चयनित व्यक्ति को दूरभाष के माध्यम से सूचित किया जाएगा। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति भवन, संसद, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय, संसद संग्रहालय, इंडिया गेट के साथ ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा। इसके साथ ही प्रबुद्धजनों के साथ कॉफी, भोजन विद गाला नाइट भी होगी।
