Thu, 08 06, 2026
देश

जयपुर में करणी सेना प्रदर्शन के दौरान घायल युवक की मौत, एक करोड़ मुआवजे की मांग:

महिपाल सिंह मकराना बोले- दोषी अधिकारियों को निलंबित करे सरकार, नहीं तो होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

post-img

जयपुर। यूजीसी रोल बैक और सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जयपुर में हुए श्री राजपूत करणी सेना के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए युवक देवराज सिंह पलाड़ा की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मंगलवार को करणी सेना ने प्रेस वार्ता कर सरकार से मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान बिगड़ी थी तबीयत

जानकारी के अनुसार डीडवाना-कुचामन जिले के पलाड़ा निवासी देवराज सिंह प्रदर्शन में शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। देवराज का परिवार वर्तमान में जयपुर में निवास करता है।

करणी सेना ने वाटर कैनन को बताया जिम्मेदार

श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि कालवाड़ रोड पर पुलिस द्वारा चलाए गए वाटर कैनन की तेज बौछार देवराज सिंह के सीने पर लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने कहा कि देवराज रावणा राजपूत समाज से थे और आंदोलन में करणी सेना के साथ खड़े थे।

हालांकि, पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक यह आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि युवक की मौत वाटर कैनन से लगी चोट के कारण हुई। मौत के कारणों का निर्धारण जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर होगा।

एक करोड़ मुआवजा और नौकरी की मांग

महिपाल सिंह मकराना ने सरकार से मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो करणी सेना जयपुर का घेराव करेगी, मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी और पूरे राजस्थान में आंदोलन तेज किया जाएगा।

सोमवार को हुआ था प्रदर्शन

सोमवार को श्री राजपूत करणी सेना ने यूजीसी रोल बैक और सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को लेकर जयपुर में रैली निकाली थी। प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

कलेक्ट्रेट सर्किल पर दिया था धरना

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट सर्किल पर धरने पर बैठ गए। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों को लेकर भी अपनी रणनीति का संकेत दिया। शाम करीब साढ़े पांच बजे प्रदर्शन समाप्त होने के बाद सभी प्रदर्शनकारी लौट गए।

जांच रिपोर्ट का इंतजार

युवक की मौत के बाद मामले ने राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि देवराज सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई। दूसरी ओर करणी सेना ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Post