Thu, 08 06, 2026
देश

खैरथल में गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत: पीहर पक्ष ने पति समेत 5 पर दहेज हत्या का आरोप:

तीन मासूम बच्चों की मां थी असमा, परिजनों का आरोप- ट्रैक्टर और एक लाख रुपए की मांग पूरी नहीं होने पर पीट-पीटकर की हत्या

post-img

खैरथल। जिले के दोंगड़ा गांव में 25 वर्षीय गर्भवती विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पीहर पक्ष ने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

2021 में हुई थी शादी, तीन बच्चों को छोड़ गई पीछे

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान दोंगड़ा निवासी असमा (25) पत्नी अरसद के रूप में हुई है। असमा की शादी वर्ष 2021 में मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। वह अपने पीछे 5 वर्षीय आयत, 3 वर्षीय आतिका और 2 वर्षीय आवेश सहित तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है। असमा का पीहर अलवर जिले के सदर थाना क्षेत्र के जाजोर गांव में है।

दहेज में ट्रैक्टर और एक लाख रुपए मांगने का आरोप

मृतका के भाई रसीद पुत्र सत्तार खां ने रिपोर्ट में आरोप लगाया कि शादी के समय उनकी सामर्थ्य के अनुसार रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल, 21 हजार रुपए नकद, फर्नीचर, घरेलू सामान और चांदी के आभूषण सहित पर्याप्त दहेज दिया गया था। इसके बावजूद पति अरसद, जेठ जमशेद, जाकर, सास हमीदी और ससुर इस्लाम लगातार फार्मट्रैक-60 ट्रैक्टर और एक लाख रुपए नकद की मांग करते रहे। मांग पूरी नहीं होने पर असमा के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।

फोन पर भाई से कहा था- 'दहेज नहीं मिला तो मार देंगे'

परिजनों का आरोप है कि करीब 10 दिन पहले समझाइश के बाद असमा को ससुराल छोड़ा गया था, लेकिन वहां फिर से दहेज की मांग शुरू हो गई। पांच दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। असमा ने फोन पर अपने भाई को बताया था कि यदि दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो उसकी हत्या कर दी जाएगी।

पीहर पक्ष का आरोप- लाठी-डंडों से पीटकर की हत्या

पीड़ित परिवार का आरोप है कि बुधवार रात दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने गर्भवती असमा की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे परिजनों को घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव पर कंधे, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटों के निशान होने का दावा किया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

घटना की सूचना पर किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परिजनों से जानकारी लेकर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति अरसद, जमशेद, जाकर, इस्लाम और हमीदी के खिलाफ हत्या, दहेज प्रताड़ना एवं अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post