नवरात्रा आने में अब कुछ ही दिन बचे हैं। देवी के उपासक पूजा अर्चना की तैयारी में जुट गए हैं। बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानें सजने लगी हैं। साथ ही देवी मां के लिए चुनरी व पोशाक भी दुकानों पर सजने लगी है। नवरात्रा के दौरान देवी प्रतिमाओं की मांग को देखते हुए मूर्तिकार भी तैयारी में जुटे हुए हैं। शहर के घोडाफेर का चौराहा, स्वर्ग रोड, साठ फीट रोड मूर्तिकार कॉलोनी, जयपुर रोड, अकबरपुर सहित अन्य जगहों पर मूर्तिकार देवी की मूर्तियां बनाने में जुट गए हैं। अलवर की मूर्तियों की देशभर में मांग है। मूर्तिकारों ने प्रतिमाओं के लिए संगमरमर के बने छोटे आकार वाले सुंदर मंदिर भी तैयार किए हैं।
नौ दिन बन रहे खरीदारी के योग
इस बार नवरात्रि पूरे 9 दिन के होने से साधकों को उपवास का लाभ तो मिलेगा ही, साथ ही ग्रह-नक्षत्रों के राशि परिवर्तन से बाजार व्यापार में भी पांच गुना बढ़ोत्तरी होने की संभावना रहेगी। नवरात्रा में 9 दिनों तक खरीदारी का योग होने से इलेक्ट्रॉनिक, कार-बाइक, भूमि और सोना-चांदी की अच्छी खरीदी होने की संभावना है। इसके चलते बाजारों में तैयारियां शुरू कर दी गई है।
देवी के जागरणों की रहेगी धूम
धर्म शास्त्र के आधार पर नवरात्रि यदि पूरे 9 दिन के होते है, तो वह वर्ष पर्यंत शुभकारी मानी जाती है। इस बार संयोग से नवरात्रि में किसी भी दिन तिथि का क्षय नहीं है। उपासना के साथ-साथ विशिष्ट अनुष्ठान भी किए जाएंगे। शहर में जगह जगह पर देवी के जागरण व देवी की चौकी के आयोजन किए जाएंगे। इसके लिए जागरण पार्टियां की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
